श्रीलंका विमेंस ने पहला एशिया कप जीता, फाइनल में भारत को 8 विकेट से हराया
श्रीलंका ने महिला एशिया कप का खिताब जीत लिया है। फाइनल में टीम ने भारत को आठ विकेट से पटखनी दी। श्रीलंका की कप्तान चमारी ने 61 और हर्षिता ने 69 रन बनाए। श्रीलंका महिला टीम ने एशिया कप 2024 में इतिहास रच दिया। रविवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत को 8 विकेट से हरा दिया। श्रीलंका वूमेन्स टीम का यह पहला खिताब है।
कप्तान चमारी और हर्षिता की जबरदस्त बल्लेबाजी
दाम्बुला में खेले गए मैच में श्रीलंका की कप्तान चमारी अथापथु (61) और हर्षिता समरविक्रमा (69) की जबरदस्त बल्लेबाजी के जरिए 166 रन के टारगेट को 18.4 ओवर में हासिल कर लिया। भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 165/6 का स्कोर बनाया था।भारत के लिए स्मृति मंधाना ने 60 रन की पारी खेली, लेकिन अन्य बल्लेबाजों ने निराश किया। भारतीय टीम दूसरी बार एशिया कप के फाइनल में हारी है। सात बार की चैंपियन इससे पहले 2018 में हारी थी। श्रीलंकाई टीम ने पांच बार खिताबी मुकाबला गंवाने के बाद पहली बार फाइनल में जीत का मीठा स्वाद चखा है।
भारत की बल्लेबाजी
भारत की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी। स्मृति मंधाना और शैफाली वर्मा ने तेज शुरुआत दी। दोनों के बीच 44 रन की साझेदारी हुई। कविशा ने शेफाली (16) को आउट कर भारत को पहला झटका दिया। उमा (9) और हरमनप्रीत (11) का बल्ला ज्यादा नहीं चला। जेमिमा ने तीन चौके और एक छक्के की मदद से 29 रन बनाए। स्मृति ने 47 गेंदों का सामना कर 10 चौके लगाकर 60 रन की पारी खेली। विकेटकीपर ऋषा (30) ने चार चौके और एक छक्के से टीम का स्कोर 165 तक पहुंचाया। श्रीलंका के लिए कविशा दिलहारी ने 2 विकेट लिए। उनके अलावा उदेशिका, सचिनी और अथापथु को एक-एक सफलता मिली।

श्रीलंका महिला टीम की प्लेइंग 11
विशमी गुणरत्ने, चमारी अथापथु (कप्तान), हर्षिता समरविक्रमा, कविशा दिलहारी, नीलाक्षी डी सिल्वा, अनुष्का संजीवनी (विकेटकीपर), हासिनी परेरा, सुंगधिका कुमारी, इनोशी प्रियदर्शनी, उदेशिका प्रबोधनी, सचिनी निसानसाला।
भारत महिला टीम की प्लेइंग 11
स्मृति मंधाना, शैफाली वर्मा, उमा छेत्री, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), जेमिमा रोड्रिग्स, ऋषा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, पूजा वस्त्राकर, राधा यादव, तनुजा कंवर, रेणुका ठाकुर सिंह।