बंगाल बंद के दौरान हिंसा, पश्चिम बर्धमान में भिड़े BJP-TMC कार्यकर्ता, भाटापाड़ा में चली गोलियां
कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में ट्रेनी डॉक्टर के साथ हुई दरिंदगी के बाद से पश्चिम बंगाल में सियासी उबाल है। भाजपा के बंद का आज बड़ा असर देखने को मिल रहा है। भाजपा ने यह बंद नबन्ना प्रोटेस्ट के एक दिन बाद बुलाया है। इस प्रोटेस्ट के दौरान ममता बनर्जी सरकार ने छात्रों की आवाज दबाने के लिए उन पर लाठियां चलाई और आंसू गैस छोड़ी थी।
पश्चिम बंगाल में आज भी हंगामा हो रहा है। भाजपा ने बुधवार को सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक (12 घंटे के लिए) बंगाल बंद का आह्वान किया है। भाजपा का कहना है कि ममता बनर्जी के राज में बंगाल में कानून व्यवस्था खत्म हो चुकी है। महिलाओं के खिलाफ अपराध हो रहे हैं। इंसाफ मांगने वाले छात्रों पर लाठी चलाई जा रही है, आंसू गैस छोड़ी जा रही है।
इसके साथ ही भाजपा ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का इस्तीफा मांगा है। बंद के दौरान बंगाल के अलग-अलग हिस्सों में बवाल हो रहा है। बाजार बंद कराने को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं की टीएमसी कार्यकर्ताओं के साथ झड़प हो रही है। पश्चिम बर्धमान में दोनों पक्षों में मारपीट हुई। वहीं भाटापाड़ा में फायरिंग की सूचना है।

विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कई भाजपा कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है। कोलकाता में भाजपा कार्यकर्ताओं ने रेल सेवा बाधित करने की कोशिश की। सड़कों पर आवाजाही प्रभावित हुई है। कहीं-कहीं सार्वजनिक परिवहन की बसें चल रही हैं। ड्राइवर हेलमेट पहने बस चलाते नजर आए।
ममता बनर्जी ने सरकारी कर्मचारियों को दिया अल्टीमेटम
इससे पहले ममता बनर्जी ने प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों को अल्टीमेटम दिया है। ममता ने एक दिन पहले कहा कि बंगाल में कोई बंद नहीं है। सभी कर्मचारी अपने-अपने दफ्तर पहुंचें। जो नहीं आएगा, उसका वेतन कटेगा।