दिल्ली-एनसीआर में बूंदाबांदी, MP-UP में तेज हवाओं का अलर्ट, कई राज्यों में बदला मौसम
Weather Update: देश के कई हिस्सों में पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम का मिजाज बदल गया है। देश के कई हिस्सों में सोमवार को मौसम (Weather Update) का मिजाज बदला हुआ दिखाई दे सकता है। मौसम विभाग (IMD Alert) के अनुसार उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण बादल छाने, हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं पश्चिम और दक्षिण भारत के राज्यों में तापमान धीरे-धीरे बढ़ने लगा है और गर्मी का असर महसूस किया जा रहा है।
दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश में बादल, हल्की बारिश और तेज हवाओं की संभावना है। वहीं मध्य प्रदेश में हवाएं चलीं और बिलासपुर में तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
दिल्ली-एनसीआर में बूंदाबांदी के आसार
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को दिल्ली-एनसीआर में बादल छाए रहने की संभावना है। कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है। सुबह और शाम के समय हल्की ठंड का एहसास बना रहेगा, जिससे मौसम सुहावना रहने की उम्मीद है। उत्तर प्रदेश और पहाड़ी राज्यों में भी मौसम का असर देखने को मिल सकता है।

मध्य प्रदेश में तेज हवाओं का असर
मध्य प्रदेश में रविवार को मौसम भले ही शुष्क रहा, लेकिन कई जिलों में तेज हवाएं चलीं। करीब 11 जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं दर्ज की गईं। इस दौरान ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, सिंगरौली, सीधी, रीवा और मऊगंज क्षेत्रों में आंशिक बादल छाए रहे। इससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। मौसम विज्ञानियों ने 18 मार्च के बाद कुछ जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई है।
बिलासपुर में बादलों से तापमान में गिरावट (CG Weather Update)
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में भी पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिला। शनिवार को अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो रविवार को गिरकर 37.4 डिग्री सेल्सियस रह गया। शाम के समय बादल छा गए और रेलवे परिक्षेत्र समेत शहर के कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी हुई। मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर के अनुसार उत्तर पंजाब और आसपास के क्षेत्र में ऊपरी हवा में चक्रीय परिसंचरण सक्रिय है, जिससे प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा या गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।
यूपी में ओलावृष्टि और तेज हवाओं का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में भी पिछले दो दिनों से मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। रविवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.6 डिग्री कम था। वहीं न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 5.6 डिग्री अधिक था।
सोमवार को लखनऊ और आसपास के जिलों में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना है। प्रदेश के कई हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में वज्रपात और ओलावृष्टि की भी चेतावनी जारी की गई है।