दिल्ली सहित उत्तर भारत में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस से बारिश की संभावना, तापमान में होगी भारी गिरावट
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी और बारिश से ठंड बढ़ गई है। बदरीनाथ, केदारनाथ, औली, मसूरी जैसे क्षेत्रों में शीतलहर चल रही है। दिल्ली-एनसीआर में भी बारिश से तापमान गिरा, और न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोम के प्रभाव से बर्फबारी हो रही है।
उत्तराखंड में सोमवार को भी बर्फबारी और बारिश हुई, जिससे ठंड काफी बढ़ गई है। आपको बता दें कि रविवार को भी कई जगह बारिश हुई थी। बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री, हेमकुंड साहिब, औली, मसूरी, चकराता, पडारी, मुनस्यारी और मुक्तेश्वर में बर्फबारी से उत्तराखंड में शीतलहर चल रही है।
हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में बर्फबारी जारी है। प्रदेश के तापमान में भारी गिरावट हुई है। शीतलहर की वजह से लोगों को काफी ठंड का अहसास हो रहा है।

दिल्ली-एनसीआर में मौसम का हाल?
दिल्ली-एनसीआर में बारिश होने की वजह से तापमान काफी गिर गया है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले समय में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।
मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिमी विक्षोम की वजह से पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी हो रही है। यही कारण है कि मैदानी इलाकों में लोगों को बारिश का सामना करना पड़ रहा है।
उत्तर प्रदेश में छाए रहेंगे बादल
उत्तर प्रदेश के मौसम में पश्चिमी विक्षोभ का असर देखा जा रहा है। 9 दिसंबर को कई जगह बादल पूरे दिन छाए रहे। ऐसा ही हाल 10 दिसंबर को भी रहेगा। कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की वजह से तापमान गिरावट दर्ज की गई।
लखनऊ के तापमान में गिरावट
लखनऊ का मौसम सोमवार को मिलाजुला रहा। सुबह बादल की वजह से लोगों को काफी ठंड का अहसास हुआ, तो दिन में धूप निकलने से राहत महसूस हुई। लखनऊ के तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। प्रदेश में सबसे ठंडा शहर बुलंदशहर रहा। यहां का तापमान 8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
मध्य प्रदेश में तापमान में गिरावट
राजधानी भोपाल के न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री की गिरावट हुई और यह 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां दिन का अधिकतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस कम रहा। वहीं ग्वालियर में अधिकतम तापमान में 2.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई, जो 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
जबलपुर में हल्की ठंड
जबलपुर की बात करें तो यहां के तापमान में मामूली गिरावट हुई है। जबलपुर में दिन का अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अभी और बढ़ेगी ठंड मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि पूर्वी मध्य प्रदेश के बजाए पश्चिमी मध्य प्रदेश के इलाकों के दिन और रात के तापमान में अधिक गिरावट हुई है।