भारत के पड़ोसी देश में मिला नायाब खजाना, खुदाई में निकला 3,563 कैरेट का नीलम, कीमत जानकर पैरों तले खिसक जाएगी जमीन!
Purple Star: श्रीलंका की राजधानी कोलंबो इन दिनों एक ऐसी जादुई चमक का गवाह बन रही है, जिसने पूरी दुनिया के जौहरियों और रत्न प्रेमियों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। यहां दुनिया के अब तक के सबसे बड़े नीलम (Sapphire) का प्रदर्शन किया गया है, जिसकी भव्यता और कीमत दोनों ही होश उड़ा देने वाली हैं।
हीरे से भी ज्यादा चमकदार और नायाब
बैंगनी रंग की आभा बिखेरने वाले इस अद्भुत रत्न का वजन 3,563 कैरेट है। इसे ‘पर्पल स्टार’ (Purple Star) और ‘स्टार ऑफ प्योर लैंड’ का नाम दिया गया है। रत्नों के विशेषज्ञ अशान अमरसिंघे के अनुसार, यह इतिहास में दर्ज अब तक का सबसे विशाल नीलम पत्थर है।
रत्नों के शहर से निकला ‘खजाना’
इस बेशकीमती पत्थर की कहानी भी किसी फिल्म की तरह रोमांचक है:

- खोज: यह रत्न साल 2023 में श्रीलंका के रतनपुरा में खुदाई के दौरान मिला था, जिसे ‘रत्नों का शहर’ कहा जाता है।
- दो साल तक रहा अनजान: इसके वर्तमान मालिक ने इसे अन्य पत्थरों के साथ ही खरीदा था। लगभग दो साल तक यह पत्थर बिना किसी खास पहचान के पड़ा रहा।
- सर्टिफिकेशन: पिछले साल जब मालिकों ने इसे लैबोरेटरी में जांच और सर्टिफिकेशन के लिए भेजा, तब इसकी असलियत और कीमत का खुलासा हुआ।
2700 करोड़ से ज्यादा है बेस प्राइस
अब इस रत्न के मालिकों ने इसे अंतरराष्ट्रीय बाजार में बेचने का फैसला किया है। इसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय मानकों के आधार पर 300 मिलियन डॉलर से 400 मिलियन डॉलर (लगभग 2,728 करोड़ से 3,638 करोड़ रुपये) के बीच तय की गई है। अपनी सुरक्षा के मद्देनजर इस बेशकीमती रत्न के मालिकों ने अपनी पहचान गुप्त रखी है। उन्हें अंदेशा है कि इतनी बड़ी संपत्ति की जानकारी सार्वजनिक होने से उनकी जान को खतरा हो सकता है।